न्यूज डेस्क। बेंगलुरु में घरेलू विवाद और ऑनलाइन सट्टेबाजी की लत ने एक परिवार को तबाह कर दिया। महादेवपुरा पुलिस स्टेशन में तैनात 32 वर्षीय होमगार्ड मंजुला की रविवार को उसके पति प्रदीप ने चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि प्रदीप ने पहले पत्नी से माफी मांगी, उसके पैरों में गिरा और घर लौटने की गुहार लगाई। लेकिन जब मंजुला ने साथ रहने से इनकार किया तो उसने बच्चों और सास के सामने उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक महिला पर 20 से ज्यादा बार चाकू से वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
15 साल पुरानी शादी का दर्दनाक अंत
मंजुला और प्रदीप की शादी को 15 साल हो चुके थे और उनके दो बच्चे हैं। परिवार का आरोप है कि प्रदीप ऑनलाइन बेटिंग का आदी था, जिसके चलते घर में अक्सर झगड़े होते थे। रिश्तेदारों के मुताबिक वह मंजुला के चरित्र पर भी शक करता था और बच्चों की पितृत्व को लेकर सवाल उठाता था। लगातार विवाद और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर मंजुला करीब डेढ़ महीने पहले बच्चों को लेकर अपनी मां के घर रहने चली गई थी।
पहले मनाने पहुंचा, फिर बन गया हत्यारा
पुलिस जांच में सामने आया है कि रविवार को प्रदीप चाकू छिपाकर मंजुला की मां के घर पहुंचा था। उसने पत्नी से माफी मांगी और वापस साथ चलने की अपील की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ देर तक बातचीत होती रही, लेकिन अचानक उसका व्यवहार बदल गया। उसने जेब से चाकू निकाला और मंजुला पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। यह पूरी घटना उसकी मां और दोनों बच्चों के सामने हुई, जिससे परिवार सदमे में है।
हत्या से पहले रिकॉर्ड किया था वीडियो
जांच के दौरान पुलिस को एक वीडियो भी मिला है, जिसे प्रदीप ने वारदात से पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने माना कि ऑनलाइन बेटिंग की लत ने उसका परिवार बर्बाद कर दिया। उसने कहा था कि वह पत्नी के बिना नहीं रह सकता और एक बार फिर उसे मनाने जा रहा है। वीडियो में उसने यह भी कहा कि अगर पत्नी वापस आने से इनकार करेगी तो वह उसे मार देगा। पुलिस इस वीडियो को अहम सबूत मान रही है।
हत्या के बाद खुद को भी पहुंचाया नुकसान
पत्नी की हत्या करने के बाद प्रदीप ने उसी चाकू से खुद को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। उसने अपने हाथ पर वार किया, लेकिन उसकी जान बच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। घायल हालत में उसका इलाज कराया गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
महादेवपुरा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी की ऑनलाइन बेटिंग की गतिविधियां कितनी व्यापक थीं और क्या घरेलू विवाद का यही मुख्य कारण था। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है।
