चेन्नई. तमिलनाडु के मानव संसाधन प्रबंधन मंत्री डी सरथकुमार एक पुराने वीडियो के वायरल होने के बाद विवादों में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में वह मोबाइल फोन की स्क्रीन पर सफेद पाउडर जैसा पदार्थ एटीएम कार्ड से पीसते दिखाई दे रहे हैं। पास में 500 रुपये का नोट भी नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष और सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उन पर नशीले पदार्थ के इस्तेमाल का आरोप लगाया। हालांकि मंत्री ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया।
पुराना वीडियो फिर हुआ वायरल
वायरल वीडियो कई साल पुराना बताया जा रहा है। यह उस समय का है जब सरथकुमार चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आईपीएल मैच देखने पहुंचे थे। वीडियो को उन्होंने उस समय अपने इंस्टाग्राम क्लोज फ्रेंड्स स्टोरी पर साझा किया था। अब यही क्लिप दोबारा सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद का कारण बन गई है।
मंत्री ने दी सफाई
सरथकुमार ने पत्नी और बेटी के साथ दो मिनट का वीडियो जारी कर पूरे मामले पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उस समय उनकी करीब डेढ़ साल की बेटी की तबीयत खराब थी। बच्ची दवा खाने से मना कर रही थी और बार-बार उसे बाहर निकाल रही थी। डॉक्टर की सलाह पर टैबलेट को पीसकर तरल पदार्थ में मिलाकर देने के लिए कहा गया था। मंत्री ने दावा किया कि वीडियो में वही दवा पीसी जा रही थी, किसी तरह का नशीला पदार्थ नहीं।
विपक्ष ने उठाए सवाल
डीएमके के प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने सोशल मीडिया पर कहा कि वीडियो का तरीका ड्रग्स लेने जैसा दिखाई देता है। उन्होंने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मांग की कि इस मामले पर स्पष्ट जवाब दिया जाए ताकि लोगों के मन में कोई संदेह न रहे। सोशल मीडिया पर भी कई लोगों ने मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
वीडियो के समय पर भी उठे सवाल
यह विवाद ऐसे दिन सामने आया जब मुख्यमंत्री विजय ने खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने के लिए एक मैराथन में हिस्सा लिया। ऐसे में विपक्ष ने इस मुद्दे को सरकार की छवि से जोड़ते हुए सवाल उठाए। हालांकि मंत्री का कहना है कि यह वीडियो जानबूझकर गलत मंशा से वायरल किया गया है।
मंत्री बोले- अफवाह फैलाने की साजिश
सरथकुमार ने कहा कि वीडियो को गलत संदर्भ में पेश कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। उनके मुताबिक यह पूरी तरह दुर्भावनापूर्ण अभियान है और वीडियो में दिखाई देने वाला पाउडर केवल दवा था। उन्होंने कहा कि उनके परिवार और दोस्तों को उस घटना की पूरी जानकारी है।
