नई दिल्ली/दोहा। कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित विशाल एलएनजी (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) परिसर में हुए भीषण विस्फोट और आग की घटना में 12 भारतीय नागरिकों की मौत के बाद कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमाद अल थानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात कर संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने कतर के अमीर का फोन और भारतीय नागरिकों की मौत पर जताई गई संवेदनाओं के लिए आभार व्यक्त किया है।
पीड़ित परिवारों के दुख में शामिल हुए दोनों नेता
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और कतर दोनों उन परिवारों के दुख में सहभागी हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की। मोदी ने अपने संदेश में कहा कि भारत और कतर अपने नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं तथा इस दुखद घड़ी में एक-दूसरे के साथ मजबूती से खड़े हैं।
रविवार शाम हुआ था भीषण विस्फोट
यह हादसा रविवार शाम कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित बरजान गैस सप्लाई सुविधा में हुआ था, जिसका संचालन कतरएनर्जी एलएनजी करती है। भारतीय दूतावास ने सोमवार को बताया था कि विस्फोट और आग की घटना में 12 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। यह परिसर दुनिया के सबसे बड़े एलएनजी उत्पादन केंद्रों में से एक माना जाता है।
13 लोगों की मौत, 66 घायल
कतर के ऊर्जा राज्य मंत्री साद शरीदा अल-काबी ने दोहा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हुई और 66 अन्य घायल हुए हैं। बाद में कतर के अधिकारियों ने भारतीय दूतावास को पुष्टि की कि मृतकों में 12 भारतीय नागरिक शामिल हैं। भारतीय दूतावास ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
