नेशनल डेस्क। महाराष्ट्र के वर्धा जिले में 12 साल की बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस को आशंका है कि हत्या से पहले बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जांच के लिए एसआईटी का गठन कर 14 पुलिस टीमों को लगाया गया है।
घर में मिला बच्ची का शव
पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम बच्ची का शव उसके घर के अंदर संदिग्ध हालत में मिला। शव आंशिक रूप से निर्वस्त्र था और घटनास्थल से एक पत्थर बरामद हुआ है। आशंका है कि इसी पत्थर से बच्ची की हत्या की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मां की शिकायत पर केस दर्ज
बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या, दुष्कर्म, यौन हिंसा और घर में घुसने की धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
एक आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने तीन लोगों से पूछताछ की, जिनमें पड़ोसी खेत में मजदूरी करने वाला 30 वर्षीय राहुल राजू मडावी भी शामिल था। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है और 14 विशेष पुलिस टीमें अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही हैं।
गांव में प्रदर्शन, फांसी की मांग
पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंपे जाने पर ग्रामीणों और परिजनों ने अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोपी को फांसी देने और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की। हालात को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
