तेल संकट के बीच PM मोदी का संदेश: मेट्रो-ई बस का इस्तेमाल करें; विदेश यात्रा और गोल्ड खरीद कम करें

नई दिल्ली। वेस्ट एशिया में जारी तनाव और बढ़ते तेल संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एक बार फिर देशवासियों से सादगी और बचत अपनाने की अपील की। गुजरात के वडोदरा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया कोविड काल के बाद लगातार अस्थिरता के दौर से गुजर रही है और अब वेस्ट एशिया संकट ने आर्थिक दबाव और बढ़ा दिया है। उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन सिस्टम अपनाने, गोल्ड खरीद टालने और विदेशी खर्च घटाने की अपील की। पीएम ने कहा कि यह समय देशहित में सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का है।

ईंधन बचाने पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नागरिकों को ज्यादा से ज्यादा मेट्रो, इलेक्ट्रिक बस और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने कारपूलिंग को भी बढ़ावा देने की बात कही। पीएम ने कहा कि डिजिटल टेक्नोलॉजी ने अब कामकाज आसान बना दिया है, इसलिए सरकारी और निजी दफ्तरों में वर्चुअल मीटिंग और वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोविड के दौरान अपनाई गई ऑनलाइन व्यवस्था फिर से उपयोगी साबित हो सकती है। पीएम ने यह भी कहा कि ईंधन आयात पर भारी विदेशी मुद्रा खर्च होती है, इसलिए पेट्रोल-डीजल बचाना देशहित से जुड़ा मुद्दा है।

गोल्ड खरीद और विदेशी खर्च पर अपील
पीएम मोदी ने लोगों से फिलहाल सोने की खरीद टालने की अपील दोहराई। उन्होंने कहा कि भारत का बड़ा पैसा गोल्ड इम्पोर्ट पर खर्च होता है और मौजूदा हालात में विदेशी मुद्रा बचाना जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने विदेश यात्रा और डेस्टिनेशन वेडिंग के बढ़ते ट्रेंड पर भी चिंता जताई। पीएम ने कहा कि छुट्टियों और शादियों के लिए भारत में ही बेहतरीन जगहें मौजूद हैं। उन्होंने लोगों से देश के भीतर पर्यटन और आयोजन को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने गुजरात के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को भी वेडिंग डेस्टिनेशन के तौर पर विकसित करने का सुझाव दिया।

‘वोकल फॉर लोकल’ पर फोकस
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत हर साल लाखों करोड़ रुपये विदेशी उत्पादों के आयात पर खर्च करता है, जबकि वैश्विक सप्लाई चेन भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में लोगों को ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को मजबूत करना चाहिए और घरेलू उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देना देश की अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी है। पीएम मोदी की यह अपील ऐसे समय आई है जब अमेरिका-ईरान तनाव तीसरे महीने में पहुंच चुका है और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। इससे वैश्विक तेल कीमतों और सप्लाई पर दबाव बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *