भारतीय मूल के एस्ट्रोनॉट अनिल मेनन स्पेस के लिए रवाना; 8 महीने आईएसएस पर करेंगे रिसर्च

Anil menon Anil menon

वर्ल्ड डेस्क। भारतीय मूल के अमेरिकी एस्ट्रोनॉट अनिल मेनन 8 महीने के मिशन पर इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) के लिए रवाना हो गए हैं। नासा के इस मिशन में वह कई एडवांस साइंटिफिक एक्सपेरिमेंट करेंगे। इनका मकसद भविष्य के मून और मार्स मिशन को ज्यादा सुरक्षित बनाना है। इसके साथ ही ऐसी नई टेक्नोलॉजी विकसित करना भी है, जिसका फायदा धरती पर हेल्थकेयर, इलेक्ट्रॉनिक्स और साइंस सेक्टर को मिल सके। अनिल मेनन दो रूसी कॉस्मोनॉट्स के साथ सोयुज स्पेसक्राफ्ट से बैकोनूर कॉस्मोड्रोम से लॉन्च हुए।

अनिल मेनन इमरजेंसी मेडिसिन और एयरोस्पेस मेडिसिन के डॉक्टर हैं। इस मिशन में वह सिर्फ रिसर्चर नहीं होंगे, बल्कि खुद भी कई मेडिकल स्टडी का हिस्सा बनेंगे। अगले 8 महीनों तक वैज्ञानिक उनके शरीर में होने वाले बदलावों का डेटा जुटाएंगे। नासा का मानना है कि लंबे समय तक माइक्रोग्रैविटी में रहने से शरीर पर क्या असर पड़ता है, यह समझना भविष्य के डीप स्पेस मिशन के लिए बेहद जरूरी है।

इस मिशन का सबसे अहम एक्सपेरिमेंट एआई-आधारित अल्ट्रासाउंड सिस्टम है। इसकी मदद से एस्ट्रोनॉट अंतरिक्ष में डॉक्टर की सीधी मदद के बिना भी मेडिकल स्कैन कर सकेंगे। मून और मार्स जैसे मिशनों में, जहां धरती से संपर्क में काफी देरी होती है, वहां यह टेक्नोलॉजी काफी अहम साबित हो सकती है। नासा इसे भविष्य के स्पेस हेल्थकेयर सिस्टम का बड़ा हिस्सा मान रहा है।

अनिल मेनन माइक्रोग्रैविटी में हाई-क्वालिटी सेमीकंडक्टर बनाने से जुड़े एक्सपेरिमेंट में भी हिस्सा लेंगे। वैज्ञानिकों का मानना है कि अंतरिक्ष में ज्यादा बेहतर और कम खामियों वाले सेमीकंडक्टर तैयार किए जा सकते हैं। इससे भविष्य में हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटर, एडवांस इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन सिस्टम के लिए नई पीढ़ी की चिप्स विकसित करने में मदद मिल सकती है।

मिशन के दौरान ह्यूमन हेल्थ पर भी खास फोकस रहेगा। वैज्ञानिक ब्लड फ्लो, हार्ट फंक्शन और शरीर में होने वाले दूसरे बदलावों की लगातार निगरानी करेंगे। इसके अलावा स्पेस बायोप्रिंटिंग पर भी रिसर्च होगी। इससे एजिंग प्रोसेस को समझने और रीजेनरेटिव मेडिसिन के क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाशने में मदद मिलने की उम्मीद है। नासा का कहना है कि इस मिशन से मिलने वाला डेटा आर्टेमिस प्रोग्राम और भविष्य के ह्यूमन मार्स मिशन के लिए बेहद अहम साबित होगा।