न्यूज डेस्क। जयपुर में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके पर उस वक्त हमला हो गया, जब वह नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन में शामिल थे। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि दिपके अपने समर्थकों के कंधों पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनके गले में डाला हुआ कपड़ा खींचा और फिर दूसरे व्यक्ति के साथ मिलकर उन्हें लगातार थप्पड़ और घूंसे मारने शुरू कर दिए। कुछ ही सेकंड में वहां अफरा-तफरी मच गई और दिपके के समर्थकों ने हमलावरों को पकड़ लिया।
दिल्ली के ऐलान के बाद जयपुर में प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी ने 6 जून को दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान ऐलान किया था कि अगर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट और अन्य पेपर लीक मामलों की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं दिया तो देशभर में इसी तरह के प्रदर्शन किए जाएंगे। इसी अभियान के तहत सोमवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था। पार्टी का कहना है कि वह शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन चला रही है।
हमले के बाद दिपके ने क्या कहा
हमले के बाद अभिजीत दिपके ने एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह के शारीरिक हमले डर और कायरता की निशानी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। दिपके ने खुद को महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर का अनुयायी बताते हुए कहा कि वह शांति और प्रेम के रास्ते पर चलते हुए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने पोस्ट के आखिर में एक बार फिर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।
पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया। सभी से विधायकपुरी थाने में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान, उनका बैकग्राउंड और हमले के पीछे की मंशा की जांच की जा रही है। घटना के पूरे घटनाक्रम को खंगाला जा रहा है और मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
प्रदर्शन को सशर्त मिली थी अनुमति
पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन को लेकर पहले अनुमति नहीं मिली थी, लेकिन रविवार देर रात कुछ शर्तों के साथ मंजूरी दी गई थी। प्रशासन ने साफ कहा था कि प्रदर्शन में 800 से अधिक लोग शामिल नहीं होंगे। इसके बावजूद कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और इसी बीच यह हमला हो गया। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमला पहले से योजनाबद्ध था या मौके पर अचानक हुआ।
आंदोलन जारी रखने का दावा
कभी व्यंग्य के तौर पर शुरू हुई कॉकरोच जनता पार्टी पिछले कुछ महीनों में युवाओं के मुद्दों को लेकर चर्चा में रही है। जयपुर की घटना के बाद पार्टी ने दावा किया है कि वह अपने अभियान को और तेज करेगी। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हमले के पीछे की वास्तविक वजह, हमलावरों की पहचान और पूरे मामले की साजिश का खुलासा हो सकेगा।
