भोपाल/दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार अशुतोष तिवारी के नामांकन कार्यक्रम में उस समय भावुक पल देखने को मिला, जब पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा मंच पर अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके। टिकट के प्रबल दावेदार रहे मिश्रा की आंखों से आंसू छलक पड़े। हालांकि उन्होंने मंच से पार्टी की एकजुटता का संदेश देते हुए बीजेपी उम्मीदवार को जिताने का संकल्प दोहराया।
टिकट नहीं मिला, मंच पर छलके आंसू
दतिया उपचुनाव के लिए नरोत्तम मिश्रा खुद भी टिकट के मजबूत दावेदार माने जा रहे थे। उन्होंने लंबे समय तक क्षेत्र में सक्रिय रहकर कार्यकर्ताओं से संपर्क किया और नामांकन पत्र भी खरीदा था। लेकिन पार्टी ने अंततः अशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया। नामांकन सभा के दौरान मिश्रा कई बार रूमाल से चेहरा पोंछते और पानी पीते नजर आए। भाषण के दौरान उनकी आवाज भर्रा गई और वे भावुक हो गए।
सीएम मोहन यादव ने बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। जब नरोत्तम मिश्रा भावुक हुए तो मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनका हाथ पकड़कर उनका हौसला बढ़ाया। हेमंत खंडेलवाल भी उनके पास पहुंचे और मंच पर मौजूद नेताओं ने उन्हें संभालने का प्रयास किया।
बीजेपी की एकजुटता का दिया संदेश
अपने संबोधन में नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस बीजेपी में फूट की बात करती है, लेकिन सभी नेता एक साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि दतिया उपचुनाव में अशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करने के लिए वह हर घर जाकर लोगों से समर्थन मांगेंगे और पार्टी की जीत के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।
कांग्रेस उम्मीदवार पर साधा निशाना
भावुक होने के बावजूद नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “राजा साहब एक्सपायर्ड होम्योपैथिक दवा की तरह हैं, स्वाद तो मीठा होता है लेकिन असर नहीं होता।” उनके इस बयान पर सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की।
मुख्यमंत्री ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंच से कहा कि वह अपने छोटे भाई अशुतोष तिवारी की जिम्मेदारी नरोत्तम मिश्रा को सौंप रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मिश्रा अपने अनुभव और संगठन क्षमता के दम पर बीजेपी उम्मीदवार को जीत दिलाएंगे। इसके बाद अशुतोष तिवारी ने मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।
दोनों दलों ने दिखाई ताकत
बीजेपी की नामांकन रैली के बाद किला चौक पर बड़ी सभा आयोजित की गई, जहां पार्टी ने एकजुटता का प्रदर्शन किया। इससे पहले कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव मौजूद रहे।
