सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: 75 साल पूरे; मंत्री गौरव गौतम बोले- सनातन आस्था का प्रतीक, नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का अभियान

पलवल। सोमनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने पर देशभर में मनाए जा रहे ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-1000 वर्ष अखंड आस्था’ के तहत सोमवार को हरियाणा के पलवल स्थित प्राचीन श्री जंगेश्वर महादेव मंदिर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भगवान शिव की लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक संगठन और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

आस्था और संस्कृति पर जोर
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारतीय संस्कृति, आत्मसम्मान और सनातन आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और इतिहास से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, संघर्ष और पुनर्निर्माण की अमर गाथा भी है। उन्होंने लोगों से जीवन में एक बार सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने की अपील की। कार्यक्रम में हथीन विधायक मोहम्मद इसराइल और भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला भी मौजूद रहे।

पीएम मोदी और सीएम सैनी का संबोधन
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात स्थित सोमनाथ से देशवासियों को संबोधित करते हुए लाइव जुड़े। वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र से कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मंदिर परिसर में एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी, जहां श्रद्धालुओं ने दोनों नेताओं का संबोधन देखा। गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को मजबूत करने का काम तेजी से हुआ है। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और उज्जैन महाकाल कॉरिडोर का भी जिक्र किया।

प्रदर्शनी और जलाभिषेक बना आकर्षण
समारोह के दौरान सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से लगाई गई सोमनाथ मंदिर के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया गया। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश और पलवल जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति संगीत और धार्मिक नारों से माहौल गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में कार्यक्रम में हिस्सा लेकर इसे उत्सव का रूप दे दिया।

कलश यात्रा में उमड़ी श्रद्धा
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने प्राचीन पथवारी देवी मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल महिलाओं ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। धार्मिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन समिति के अनुसार, यह कार्यक्रम केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपरा को मजबूत करने का संदेश भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *