मालीगांव (दक्षिण प्रकाश)। रेलवे सुरक्षा बल (Railway Protection Force) और नॉर्थ इस्ट फ्रंटियर रेलवे (Northeast Frontier Railway) ने अप्रैल 2026 के दौरान सुरक्षा और प्रवर्तन अभियानों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 2.45 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और सामान बरामद किया। यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसरों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियानों में आरपीएफ ने 3081 मामले दर्ज किए और 3000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की।
टिकट जांच अभियान में आरपीएफ की सहायता से 1074 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे 10 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। वहीं नशीले पदार्थों और तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में 33 मामलों में 2.35 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का गांजा, ब्राउन शुगर और कफ सिरप जब्त किया गया। अवैध शराब तस्करी के मामलों में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दलालों के खिलाफ कार्रवाई में 4 दलाल पकड़े गए और 1.43 लाख रुपये मूल्य के 47 टिकट बरामद किए गए।
रेलवे संपत्ति चोरी के मामलों में 32 आरोपियों से 2.10 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया। वहीं यात्रियों के चोरी हुए सामान की रिकवरी में आरपीएफ ने 44 मोबाइल फोन समेत 6.19 लाख रुपये से अधिक मूल्य का सामान बरामद कर 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा यात्रियों का रेल में छूटा लगभग 1.40 करोड़ रुपये मूल्य का 113 सामान सुरक्षित वापस लौटाया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रतिदिन औसतन 53 ट्रेनों को एस्कॉर्ट भी किया गया।
मानवीय पहल के तहत आरपीएफ ने 80 नाबालिग बच्चों और 4 महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित उनके परिजनों या एनजीओ को सौंपा। अवैध प्रवास के खिलाफ अभियान में 16 प्रवासियों को पकड़ा गया। वहीं स्वच्छता अभियान के दौरान रेलवे परिसरों में गंदगी फैलाने वाले 1596 लोगों पर भी कार्रवाई की गई।
